रामगढ़ (गाजीपुर)। जय निषाद राज विशाल कबड्डी प्रतियोगिता रामगढ़ के फाइनल मुकाबले में वाराणसी मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ को 20-11 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में सीडी एकेडमी गाजीपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में वाराणसी और आजमगढ़ के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हालांकि, वाराणसी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 20 अंक हासिल किए, जबकि आजमगढ़ की टीम 11 अंकों तक ही पहुंच सकी। इस तरह वाराणसी ने नौ अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रामगढ़ बिंदपूरा और फरीदनपुर के बीच खेला गया, जिसमें रामगढ़ की टीम ने फरीदनपुर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में वाराणसी मंडल ने बेलवा रसूलपुर को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में आजमगढ़ ने सीडी एकेडमी गाजीपुर को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता में विजेता वाराणसी की टीम को 11 हजार रुपये, उपविजेता आजमगढ़ को पांच हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रही सीडी एकेडमी गाजीपुर को दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण पूर्व ग्राम प्रधान रामगढ़ बिंदपूरा राजकुमार बिंद के हाथों किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी मुजीबुर्रहमान अंसारी ने निभाई, जबकि रेफरी के रूप में राजू यादव, मनोज यादव और फूलबदन ने अपनी भूमिका निभाई। वहीं, स्कोरर के रूप में आकाश निषाद, शिवम और बृजेश ने योगदान दिया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजकुमार बिंद, सुदामा बिंद, विनय यादव, अजय राय, मणिकांत राय, हरेराम बिंद, रवि बिंद, सिपाही संतोष, सिपाही सुखदेव और सिपाही रोशन बिंद सहित बड़ी संख्या में कबड्डी प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।
