गाजीपुर। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों और अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नागरिकों ने सड़क, बिजली समेत विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में भाईचारा, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
भ्रामक खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट से बचने की अपील
डीएम ने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक खबर अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरों या तस्वीरों को साझा करने से बचें। यदि किसी को भ्रामक सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें, ताकि उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों की सजावट में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल न किया जाए। प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त स्थान रखा जाए तथा सड़क के किनारे पंडाल न लगाए जाएं। पंडालों में रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही अधिकारियों को पहले से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर किसी नई परंपरा की शुरुआत न हो और शासन के निर्देशों के अनुरूप त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाया जाए। पंडालों में अश्लील गाने न बजाने तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने को भी कहा।
बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
डीएम ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को त्योहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को दुरुस्त करने तथा विसर्जन मार्गों का विशेष निरीक्षण कर ढीले और लटकते तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगा और विभिन्न पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को पीस कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों से लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार के दौरान जिले में शांति, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
