सेवराई (गाजीपुर)। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक एवं दलितों, पिछड़ों तथा वंचितों की आवाज बुलंद करने वाले मान्यवर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर 9 अक्टूबर को लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित होने वाले विशाल सम्मेलन में शामिल होने के लिए जमानिया विधानसभा क्षेत्र से बसपा कार्यकर्ताओं का जत्था गुरुवार को रवाना हुआ।
विधानसभा जमानिया के बसपा नेता यूसुफ परवेज खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भदौरा और जमानिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से कार्यकर्ता पटना-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
बसपा नेता यूसुफ परवेज खान ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बहुजन समाज को सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन बहुजन समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें शामिल होकर कार्यकर्ता कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
