मझवारा मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण शुरू, गांधी तिराहे का होगा कायाकल्प


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

डिवाइडर निर्माण के बाद पीडब्ल्यूडी ने शुरू कराया काम, विद्युत पोल शिफ्ट; दुर्गा पूजा को देखते हुए 11 हजार वोल्ट लाइन की होगी केबलिंग

घोसी। नगर के मझवारा मोड़ पर डिवाइडर निर्माण पूरा होने के बाद अब सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे विद्युत पोल को पहले ही शिफ्ट कर सड़क के किनारे किया जा चुका है। वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान स्थापित होने वाले पंडाल को देखते हुए 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की केबलिंग भी कराई जा रही है। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही विद्युत सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता श्रीप्रकाश ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक विद्युत पोलों को शिफ्ट कर दिया गया है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। दुर्गा पूजा पंडाल को ध्यान में रखते हुए 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की केबलिंग का काम भी कराया जा रहा है। यह कार्य उपखंड अधिकारी इंद्र बहादुर मौर्य और अवर अभियंता माजिद की देखरेख में चल रहा है।

सड़क चौड़ीकरण के बाद होगा गांधी तिराहे का सुंदरीकरण

सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद मझवारा मोड़ स्थित गांधी तिराहे के सुंदरीकरण की भी तैयारी है। नगर पंचायत की ओर से तिराहे को आकर्षक स्वरूप देने की योजना बनाई गई है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद गांधी तिराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा। तिराहे पर खड़ी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही आसपास फूल-पौधे लगाकर क्षेत्र को आकर्षक बनाया जाएगा।

सड़क चौड़ीकरण और गांधी तिराहे के सुंदरीकरण की योजना पूरी होने के बाद मझवारा मोड़ का स्वरूप बदलने की उम्मीद है। इससे जहां यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, वहीं नगर के प्रमुख प्रवेश मार्गों में शामिल यह क्षेत्र अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें