चट्टी-चौराहा छोड़ गांवों में जाकर गरीबों व उपेक्षितों को जोड़ें कार्यकर्ता : लाल बिहारी यादव


कासिमाबाद (गाजीपुर)। क्षेत्र के मंगलम लान में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए शिक्षक जन चौपाल एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को गांवों तक मजबूत करने, शिक्षक समाज सहित गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और उपेक्षित वर्ग के लोगों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए सपा की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं एमएलसी लाल बिहारी यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को चट्टी-चौराहों तक सीमित रहने के बजाय गांवों में पहुंचकर गरीब और उपेक्षित लोगों को पार्टी से जोड़ना होगा। जब तक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद नहीं करेंगे, तब तक संगठन मजबूत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को त्याग और तपस्या करनी पड़ेगी।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें। जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभी से गांवों में सक्रिय होने और लोगों के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की।

लाल बिहारी यादव ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक स्तर पर गांवों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऊपर से प्रशिक्षित लोगों को लखनऊ भेजा जाता है और वहां से गांवों तक पहुंचाने की बात होती है, जबकि हम लोग गांव से लखनऊ चले जाते हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता गांवों में नहीं जाएगा तो आने वाले समय में संगठन के सामने बड़ी चुनौती होगी।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को गांवों में जाकर सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव के बारे में लोगों को जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने भगवान राम के नाम को लेकर भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया और महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से धनराशि दिए जाने के मुद्दे को भी जनता के बीच उठाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय और शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक बनाए जाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से इसकी घोषणा की जा चुकी है। शिक्षक समाज और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने पर भी उन्होंने जोर दिया।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जरूरी : सैयदा सदा फातिमा…

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सैयदा सदा फातिमा ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केवल कह देने से भारत विश्व गुरु नहीं बन जाएगा। इसके लिए शिक्षा के ढांचे में व्यापक बदलाव करना होगा और शिक्षा को जीवनोपयोगी बनाना होगा, ताकि विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने जीवन और समाज के लिए उसका उपयोग कर सकें।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय पाठशाला बंद कर मधुशाला खोलने का काम कर रही है। उन्होंने आईटीआई और डॉ. आंबेडकर कॉलेज सहित शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों से जुड़े गंभीर मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का स्तर दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।

उन्होंने पेट्रोलियम संबंधी व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि कुछ संस्थानों को राजनीतिक संरक्षण के कारण सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने भाजपा की हिंदुत्व की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज खतरे में हिंदू नहीं, बल्कि भाजपा खतरे में है।

गांवों तक पहुंचाने पर जोर….

जन चौपाल के दौरान वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांवों में नियमित रूप से संपर्क करें और जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाएं। शिक्षक, शिक्षामित्र, गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने तथा पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि चुनावी राजनीति में संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय लगातार जनता के बीच रहना चाहिए। जन चौपाल के माध्यम से कार्यकर्ताओं को बूथ और गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

इस मौके पर बृजभान सिंह बघेल, रामदरस यादव, सीताराम, सुबच्चन यादव, राजेश सिंह, राजेंद्र यादव, बीरबल चौहान, जयप्रकाश यादव, रवि प्रकाश गोलू, रिजवान, सत्यम शाही, असलम हुसैन आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें