सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में अर्नब चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। दो दिनों से लगातार तेज हवाओं के साथ हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दिनभर बारिश और तेज हवा के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव और पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित है।
तेज हवा और बारिश के कारण 33 हजार हाईवोल्टेज विद्युत लाइन के पोल और तार टूटने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। लगातार विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहने से लोगों के घरों में लगे पंखे, टीवी समेत अन्य विद्युत उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर हो रही है। मोटर और पानी की टंकियां नहीं चल पाने के कारण लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
घर पर गिरा पुराना पेड़, दीवार और छत में आई दरार….
सेवराई गांव में तेज हवा के चलते छट्ठू राम पुत्र महंगी राम के घर पर पुराना लिप्ट्स का भारी-भरकम पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से मकान की दीवार और छत में दरारें आ गई हैं। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घर के आसपास कई अन्य पेड़ भी दलदल में खड़े हैं, जिन्हें लेकर परिजनों में किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जर्जर और खतरनाक पेड़ों को हटाने की मांग की है।
सेवराई-देवल मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित….
तेज हवा का असर सेवराई-देवल मार्ग पर भी देखने को मिला। मार्ग पर कई स्थानों पर शीशम और बबूल के पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया। पेड़ों के सड़क पर पड़े रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सेवराई-देवल मार्ग सीधे बिहार को जोड़ता है, जिसके कारण इस रास्ते पर दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर गिरे पेड़ों के कारण जहां आवागमन बाधित है, वहीं किसी वाहन के पेड़ से टकराने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क से पेड़ हटवाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच बिजली, पेयजल और आवागमन की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह खराब रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत कराने तथा मार्गों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने की मांग की है।
