घोसी/मऊ। तहसील बार पुस्तकालय भवन में शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय कालिका दत्त पाण्डेय की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के अध्यक्ष दिनेश राय ने की, जबकि संचालन तहसील बार एसोसिएशन घोसी के महामंत्री जयहिंद सिंह ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में अधिवक्ताओं ने स्वर्गीय कालिका दत्त पाण्डेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनके सरल व्यक्तित्व, व्यवहार कुशलता और अधिवक्ता समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि कालिका दत्त पाण्डेय का व्यक्तित्व बेहद सरल और सहज था। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से अधिवक्ता समाज में अलग पहचान बनाई। उनके निधन से अधिवक्ता समाज ने एक अनुभवी और मार्गदर्शक अधिवक्ता को खो दिया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र यादव ने कहा कि कालिका दत्त पाण्डेय सदैव अपने सहयोगियों और कनिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रति स्नेह एवं सहयोग का भाव रखते थे। उनके साथ बिताए समय और उनके अनुभवों को अधिवक्ता समाज लंबे समय तक याद रखेगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता जनार्दन यादव ने कहा कि स्वर्गीय पाण्डेय का जीवन अधिवक्ता समाज के लिए प्रेरणादायी रहा। न्यायिक कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा और साथियों के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रह्मदेव उपाध्याय ने कहा कि कालिका दत्त पाण्डेय उनके लिए केवल वरिष्ठ अधिवक्ता ही नहीं, बल्कि अभिभावक एवं मार्गदर्शक के समान थे। उनका निधन व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत पीड़ादायक है। उनकी कमी की भरपाई कर पाना कठिन है।
वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने कहा कि स्वर्गीय कालिका दत्त पाण्डेय ने लंबे समय तक अधिवक्ता समाज के बीच अपनी गरिमापूर्ण पहचान बनाए रखी। उनके अनुभव और सरल स्वभाव को हमेशा याद किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता शमशाद अहमद ने कहा कि कालिका दत्त पाण्डेय का निधन अधिवक्ता समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवन में अधिवक्ता समाज के प्रति जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्मरणीय रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में रत्नेश श्रीवास्तव एड., रमेश श्रीवास्तव एड., उमाशंकर उपाध्याय एडवोकेट, सतीश कुमार पाण्डेय एडवोकेट, अतुल शर्मा एडवोकेट, वीरेंद्र यादव एड., सुतीक्ष्ण मिश्र एडवोकेट समेत डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ एवं तहसील बार एसोसिएशन घोसी के बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
