धर्मेंद्र भारद्वाज। मऊ
मऊ। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 31 स्थित प्यारापुरा नई आबादी में नगर पालिका की ओर से खोदे गए गड्ढे में 11 माह की बच्ची के गिरने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की तत्परता से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पालिका की ओर से सड़क किनारे कई स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं। आरोप है कि इनमें एक गड्ढा करीब आठ फीट गहरा और छह फीट चौड़ा है। बारिश या अन्य कारणों से गड्ढे में पानी भरने के बाद यह लोगों के लिए खतरा बना हुआ है
मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मुनव्वर मुर्गा ने भी नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रास्ते से गुजरते समय तीन बच्चों ने उन्हें आवाज देकर घटना की जानकारी दी। बच्चों ने अपना नाम मोहम्मद हासिम, महताब और मोहम्मद अनस बताया।
बताया गया कि बच्ची के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे बाहर निकाला। इसके बाद 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया। बच्ची को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
मुनव्वर मुर्गा ने नगर पालिका से ऐसे खुले गड्ढों को तत्काल बंद कराने और जन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने घोषणा की है कि 15 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे नगर पालिका पहुंचकर धरना दिया जाएगा।
नगर पालिका की ओर से मामले में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
