धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। शराब के ठेकों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। दक्षिणटोला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 33 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर शराब के ठेकों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना दक्षिणटोला पुलिस टीम ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग और कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और गंदगी फैलाने वाले कुल 33 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब के ठेकों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास शराब पीकर हंगामा करने वालों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
