सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के एनएच-124सी पर गुरुवार देर शाम गहमर मठिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय करहिया निवासी अभिषेक सिंह (44) की रास्ते में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार करहिया गांव निवासी अभिषेक सिंह (44) पुत्र हरेंद्र सिंह गुरुवार देर शाम बाइक से बारा की ओर जा रहे थे। वह जैसे ही गहमर मठिया के पास एनएच-124सी पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर गहमर निवासी अमरजीत चौहान (16) पुत्र गुड्डू और गोपाल यादव (16) पुत्र भोला यादव निवासी गहमर सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल घायलों को सड़क से हटाकर मदद पहुंचाई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी भदौरा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय अभिषेक सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं अमरजीत चौहान और गोपाल यादव का उपचार जारी है।
अभिषेक सिंह की मौत की सूचना जैसे ही उनके गांव करहिया पहुंची, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक सिंह मिलनसार और व्यवहार कुशल प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
