समाजसेवी घनश्याम राय के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

सूरजपुर (मऊ)। मधुबन तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा सूरजपुर (हांसापुर) निवासी वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता घनश्याम राय (72) का सोमवार देर शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की।

घनश्याम राय का राजनीतिक जीवन कांग्रेस के दौर में सक्रिय रहा। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और संजय गांधी के समय वह कांग्रेस की गतिविधियों से जुड़े रहे। वह संजय विचार मंच के सदस्य भी रहे और लंबे समय तक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को मजबूत करने में भी उन्होंने योगदान दिया।

बाद के दौर में वह मेनका गांधी के संपर्क में रहे और सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रियता बनाए रखी। सहज स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण घनश्याम राय की क्षेत्र में अलग पहचान थी। विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों के साथ भी उनके आत्मीय संबंध रहे।

उनके निधन को क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया। दोहरीघाट ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय उर्फ राजू राय, कोऑपरेटिव सभापति सच्चिदानंद राय, अंकित राय, प्रधान प्रभुनाथ मौर्य, विजय यादव, धीरेंद्र राय, दिलीप राय, कृष्ण मुरारी राय और सतीश राय सहित बड़ी संख्या में लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

घनश्याम राय का अंतिम संस्कार सूरजपुर स्थित बैकुंठ धाम में सरयू नदी के तट पर किया गया। उनके पुत्र आशुतोष राय ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें