बहादुरगंज/गाजीपुर। भदसा ग्राम सभा के सबुनिया गांव में सरकारी आवास योजना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। गांव निवासी अनिल चौहान, जो दिव्यांग हैं, को पात्रता के बावजूद अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने आवास योजना की पात्रता सूची पर भी सवालिया निशान खड़े करते हुए पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिए जाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि अनिल चौहान आर्थिक रूप से कमजोर होने के साथ ही दिव्यांग हैं। ऐसे में उन्हें उम्मीद थी कि सरकारी आवास योजना के तहत उनका चयन कर पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका है। आवास न होने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दिव्यांग व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिलने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा गरीब, असहाय और दिव्यांग लोगों को प्राथमिकता देते हुए आवास उपलब्ध कराने की योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन पात्र व्यक्ति ही लाभ से वंचित रह जाए तो पात्रता सूची और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
मामले को लेकर ग्राम प्रधान भोला चौहान एवं ग्राम पंचायत सचिव ने अनिल चौहान को आश्वस्त किया है कि उनके मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी और उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर पात्रता सूची का सत्यापन कराने तथा पात्र दिव्यांग अनिल चौहान को नियमानुसार जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
