धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
घोसी के रघौली बरुहा चट्टी के पास की घटना, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पहचान में जुटी पुलिस
घोसी (मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास एक साइकिल भी पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
घटना घोसी-मझवारा मार्ग पर रघौली स्थित बरुहा चट्टी के पास की बताई जा रही है। रविवार सुबह कुछ ग्रामीण रोज की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खेत में पड़ी एक साइकिल पर गई। ग्रामीण जब साइकिल के पास पहुंचे तो कुछ दूरी पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।
शव मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की नाक से खून निकल रहा था। इससे घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की।
खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
