धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना। मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग स्थित करहां बाजार के उत्तरी छोर पर मंगलवार देर शाम विद्युत खंभे में करंट उतरने से एक गर्भवती बकरी की मौत हो गई। बकरी करहां निवासी सलाउद्दीन की बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, करहां बाजार में स्टेट बैंक की अति लघु शाखा के पास गैरेज के सामने लगे लोहे के विद्युत खंभे के आसपास बकरी चर रही थी। इसी दौरान वह खंभे के संपर्क में आ गई। खंभे में करंट उतरने के कारण बकरी तड़पने लगी।
घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई और बकरी को खंभे से दूर किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना विद्युत विभाग के कर्मचारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे विद्युतकर्मियों ने जांच के बाद खंभे की मरम्मत कर आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया।
गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई व्यक्ति विद्युत खंभे की चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों ने विद्युत खंभों की समय-समय पर जांच और जर्जर व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।
