धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
आजमगढ़। डाक विभाग की ओर से केंद्र सरकार के पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 15 सितंबर को ‘पेंशन अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें आजमगढ़ और मऊ जनपद के अंतर्गत आने वाले डाकघर के पेंशनर एवं फैमिली पेंशनर अपनी शिकायतें और प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ बीके पांडेय ने बताया कि पेंशन अदालत 15 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे मंडलीय कार्यालय, प्रधान डाकघर परिसर, आजमगढ़-276001 में आयोजित होगी। इसका उद्देश्य पेंशन और फैमिली पेंशन से जुड़ी शिकायतों का प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण करना है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक पेंशनरों को अपना प्रतिवेदन 14 सितंबर 2026 तक जमा करना होगा। प्रतिवेदन संबंधित कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर या स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रवर अधीक्षक डाकघर, आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़-276001 के पते पर भेजा जा सकता है। स्पीड पोस्ट से भेजे जाने वाले लिफाफे पर मोटे और स्पष्ट अक्षरों में ‘पेंशन अदालत’ लिखना अनिवार्य होगा।
प्रतिवेदन में पेंशनभोगी का नाम, पेंशन अदायगी आदेश (PPO) संख्या, सेवानिवृत्ति का स्थान एवं तिथि, पेंशन प्राप्त करने का स्थान, पेंशन का प्रकार और शिकायत का स्पष्ट मूल बिंदु दर्ज करना आवश्यक है।
डाक विभाग के अनुसार उत्तराधिकार आदि से संबंधित पूर्णतः कानूनी मामलों तथा नीतिगत कारणों से लंबित मामलों पर पेंशन अदालत में विचार नहीं किया जाएगा। विभाग ने आजमगढ़ और मऊ के पात्र पेंशनरों से अपील की है कि वे अपनी पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
