लेबर अड्डे पर श्रमिकों के बैठने और पेयजल की होगी व्यवस्था


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

न्यूनतम मजदूरी व महंगाई भत्ते की जानकारी समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने के निर्देश

मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में श्रम बंधु की बैठक आयोजित हुई। इसमें श्रमिकों की समस्याओं, उनके पंजीकरण और श्रम विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सूर्य देव पांडेय ने श्रमिकों के लिए लेबर अड्डा बनाए जाने की मांग रखी। सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास लेबर अड्डे के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। यहां श्रमिकों के बैठने, पेयजल समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

श्रमिक प्रतिनिधियों ने हर छह माह में जारी होने वाले महंगाई भत्ते और न्यूनतम मजदूरी की जानकारी व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने की मांग की। सीडीओ ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देश दिए कि इसकी जानकारी समाचार पत्रों में भी प्रकाशित कराई जाए, ताकि श्रमिकों और आमजन को समय से जानकारी मिल सके।

संविदा कर्मियों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश

बैठक में बिजली विभाग के संविदा कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने का मुद्दा भी उठा। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता विद्युत को अवकाश चार्ट जारी कर संविदा कर्मियों को नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश देने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने श्रमिकों के अधिक से अधिक पंजीकरण के लिए विकासखंडवार कैंप लगाने को कहा। वहीं अधिष्ठान पंजीयन की स्थिति खराब मिलने पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं से संपर्क कर पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कन्या विवाह सहायता अनुदान, मातृत्व शिशु हित लाभ और संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि पात्र श्रमिक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें