मधुसूदन तिवारी | कोपागंज
भोर में एनएच-29 पर हुआ हादसा, वाहन चालक ट्रेलर लेकर फरार; हाईवे पर निराश्रित गोवंश की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की मांग
कोपागंज। राष्ट्रीय राजमार्ग-29 के फोरलेन पर काछीकला के समीप गुरुवार भोर करीब चार बजे दर्दनाक सड़क हादसे में दो गोवंश की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अज्ञात ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार गोवंश हाईवे पर मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो गोवंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् रितेश चौरसिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल गोवंश की हालत को देखते हुए तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी। सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद यादव और पशु मित्र डॉ. दिनेश कुमार यादव की टीम मौके पर पहुंची और घायल गोवंश का उपचार शुरू किया। टीम ने आवश्यक इंजेक्शन, दवाएं और मरहम-पट्टी कर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया।
उपचार के बाद घायल गोवंश को कुछ राहत मिली, हालांकि उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। वहीं मृत गोवंश के शवों को हाईवे से हटाया गया, जिससे यातायात प्रभावित न हो।
रितेश चौरसिया ने प्रशासन से हाईवे पर निराश्रित गोवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों और हाईवे पर पशुओं की आवाजाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने भी चिंता जताई। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच निराश्रित पशुओं की मौजूदगी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गोवंश को सुरक्षित रखने और हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
