मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार


 

….शराब की दुकान पर विवाद के बाद हुई थी मारपीट, उपचार के लिए ले जाते समय चिकित्सकों ने किया मृत घोषित…

 

सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के सायर गांव में शराब की दुकान पर हुए विवाद के बाद मारपीट में घायल 42 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भांजे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार सायर गांव निवासी चंदन सिंह (42) 23 अगस्त को अपने कुछ साथियों के साथ सायर चट्टी स्थित शराब की दुकान पर गया था। वहां शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर चंदन सिंह का कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चंदन सिंह के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो चंदन सिंह गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके सिर, पीठ और चेहरे पर चोट के निशान थे। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए आरपी हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच और सीटी स्कैन के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मामले में मृतक के भांजे पंकज सिंह की तहरीर पर गहमर थाने में मुकदमा संख्या 182/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 3(5), 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी। मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास सिंह पुत्र सुरेश सिंह निवासी ग्राम रायसेनपुर, थाना गहमर, उम्र करीब 37 वर्ष, नरेंद्र यादव पुत्र बलबचन यादव निवासी ग्राम सायर, उम्र करीब 52 वर्ष, बृजेश कुमार गुप्ता पुत्र चन्द्रदेव गुप्ता निवासी ग्राम सायर, उम्र करीब 43 वर्ष तथा किशन चौधरी उर्फ कृष्णा चौधरी पुत्र धरमन चौधरी निवासी ग्राम सायर, उम्र करीब 25 वर्ष शामिल हैं।

प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि चंदन सिंह की मौत के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में देवल चौकी प्रभारी शिवपूजन, कांस्टेबल जुगनू सोनकर, अंकित सिंह, हिमांशु सिंह और अनिकेत वर्मा शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें