धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को जिले में छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मऊ के आदेश के अनुपालन में की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय मंजूषा सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बढ़ुआ गोदाम स्थित फोरलेन पर वाहन संख्या DL 1M-D 0210 को रोककर निरीक्षण किया। जांच के दौरान वाहन में बिक्री के लिए भंडारित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।
अभियान के दौरान पनीर, लस्सी, क्लासिक दही और तड़का छाछ के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों के कारोबारियों में भी हलचल रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी अथवा मानक के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
छापेमारी टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय मंजूषा सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, विजय प्रकाश, अजीत कुमार त्रिपाठी और ओम प्रकाश यादव शामिल रहे।
