सम्मे माता मंदिर में शिवलिंग स्थापना को निकली भव्य कलश यात्रा, पीतवस्त्रधारी हजारों महिलाओं ने बढ़ाई शोभा


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

घोसी (मऊ)। नगर के बड़ागांव स्थित सम्मे माता मंदिर में भगवान शिव के शिवलिंग की स्थापना को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं, बालिकाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर चल रही महिलाओं ने धार्मिक यात्रा की शोभा बढ़ा दी। पूरे नगर में भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण शिवमय बना रहा।

कलश यात्रा सम्मे माता मंदिर परिसर से शुरू हुई। स्थापना के लिए शिवलिंग को आकर्षक ढंग से सजे रथ पर विराजमान किया गया था। श्रद्धालु धार्मिक जयघोष और भक्ति गीतों के बीच नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा पकड़ी मोड़, बस स्टेशन, स्टेशन रोड और तहसील मार्ग से होते हुए सीताकुंड मंदिर पहुंची।

सीताकुंड मंदिर में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलश यात्रा पुनः सम्मे माता मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ शिवलिंग स्थापना की प्रक्रिया शुरू की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव की कामना की।

कलश यात्रा में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में बालिकाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और धार्मिक जयघोषों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

मंदिर व्यवस्थापक ऋषि निषाद एवं श्रीराम-जानकी मंदिर के पुजारी गुड्डन श्रीवास्तव ने बताया कि जनसहयोग से भगवान शंकर के शिवलिंग की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ विश्व कल्याण की भावना के प्रतीक हैं और उनकी आराधना लोगों में सकारात्मक ऊर्जा एवं सद्भावना का संचार करती है।

कार्यक्रम में मंदिर व्यवस्थापक ऋषि निषाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया, मंडल मंत्री एवं श्रीराम-जानकी मंदिर के पुजारी गुड्डन श्रीवास्तव, अनुपम विश्वकर्मा, दीपक निषाद, मुन्ना साहनी, गौरव पांडेय, शैलेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन: सम्मे माता मंदिर में शिवलिंग स्थापना को लेकर निकली कलश यात्रा में पीले वस्त्रों में सिर पर कलश लेकर शामिल महिलाएं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें