धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
हलधरपुर (मऊ)। प्राचीन हनुमान मंदिर से चोरी हुए मुकुट की घटना का हलधरपुर पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मुकुट पांच खंडित टुकड़ों में बरामद किया है। आरोपी ने कथित रूप से पहचान छिपाकर मुकुट बेचने की नीयत से उसे तोड़ दिया था।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा के नेतृत्व में हलधरपुर पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 17/18 जुलाई की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने बड़ागांव पकड़ौहा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट चोरी कर लिया था। इस संबंध में मंदिर से जुड़े अवधेश कुमार यादव की तहरीर पर हलधरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच और चेकिंग में जुटी थी। 20 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन हलधरपुर के पास डीह बाबा मंदिर के समीप चोरी का सामान बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे करीब 10:25 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक खरवार (30), निवासी सेमराजपुर, थाना हलधरपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके लोअर की जेब से काली पन्नी में रखे सुनहरे रंग के धातु के पांच टुकड़े बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मंदिर का ताला तोड़कर मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर बताया कि पहचान छिपाकर मुकुट बेचने के लिए उसने उसे कई टुकड़ों में तोड़ दिया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
बरामदगी:
चोरी गया मंदिर का मुकुट, एक अदद, जो पांच खंडित टुकड़ों में बरामद हुआ।
मुकदमा:
मु0अ0सं0 150/2026, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ।
