धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
363 शिक्षक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ निर्वाचन, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा सभागार
मऊ। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जनपदीय अध्यक्ष और जिला मंत्री पद का निर्वाचन मंगलवार को बीएसएस महाविद्यालय, कोपागंज के सभागार में संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी आजमगढ़ मंडल के मंडलीय मंत्री अतुल कुमार सिंह और चुनाव पर्यवेक्षक प्रदेशीय उपाध्यक्ष एवं गोरखपुर जनपद के अध्यक्ष राजेशधर दुबे की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। इस दौरान जिला अध्यक्ष पद के लिए कृष्णानंद राय और जिला मंत्री पद के लिए अखिलेश्वर शुक्ल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष और मंत्रियों ने प्रस्तावक के रूप में नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए, जबकि शिक्षक प्रतिनिधियों ने नियमानुसार उनके नाम का समर्थन किया।
नामांकन अवधि समाप्त होने के बाद चुनाव अधिकारी और पर्यवेक्षक ने नामांकन पत्रों की जांच की। निर्धारित समय में किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 12 बजे चुनाव अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने कृष्णानंद राय को जिला अध्यक्ष और अखिलेश्वर शुक्ल को जिला मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
निर्वाचन की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शिक्षक प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि नई ऊर्जा और उत्साह के साथ शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी ताकत से संघर्ष करेगा। उन्होंने शिक्षकों का आभार जताते हुए संगठन की मजबूती के लिए अधिक से अधिक संख्या में बैठकों और कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की।
निर्वाचन कार्यक्रम में जिले के सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं मंत्री समेत कुल 363 शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रदेशीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद शर्मा, प्रदेशीय महामंत्री संजय सिंह तथा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिंदाबाद के नारों से सभागार गूंज उठा। इस दौरान शिक्षकों में उत्साह और जोश देखने को मिला।
