औषधि प्रतिष्ठानों में अनियमितता, दो मेडिकल स्टोरों पर बिक्री प्रतिबंधित


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। आयुक्त, उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिलाधिकारी मऊ के निर्देश पर जिले में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों और गोदामों के निरीक्षण एवं सत्यापन का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक ने मधुबन क्षेत्र स्थित दो मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया, जहां अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।

14 अगस्त को मेसर्स बैजनाथ मेडिकल स्टोर, मधुबन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर बिक्री की जा रही औषधियों का विवरण एवं संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा फार्मासिस्ट के अनुभव प्रमाण-पत्र से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर औषधियों की बिक्री तत्काल प्रतिबंधित करते हुए आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में मेसर्स प्रमोद मेडिसिन हाउस, मधुबन के निरीक्षण में तीन संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए। फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में औषधियों की बिक्री पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से विक्रय कार्य रोक दिया गया। साथ ही औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल नियमानुसार प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

औषधि विभाग की ओर से दोनों प्रतिष्ठानों की निरीक्षण आख्या आवश्यक विभागीय कार्रवाई के लिए औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी, आजमगढ़ मंडल को भेज दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध औषधियों के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि औषधियों की बिक्री में नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें