धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ वर्ष में होगा तैयार, एक ही छत के नीचे मिलेंगी 18 से अधिक नागरिक सेवाएं
मऊ, 16 अगस्त। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को नगर पालिका परिषद मऊ में बनने वाले प्रदेश के पांचवें आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र का भूमिपूजन किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र लगभग डेढ़ वर्ष में तैयार होने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य नागरिकों को नगर पालिका से जुड़ी सेवाएं सरल, पारदर्शी, डिजिटल और समयबद्ध तरीके से एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने बताया कि अयोध्या, गाजियाबाद, गोरखपुर और लखनऊ के बाद मऊ में प्रदेश का पांचवां आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र बनाया जा रहा है। केंद्र के प्रथम तल पर करीब 18 काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, हाउस टैक्स, वाटर टैक्स समेत नगर पालिका की विभिन्न सेवाओं से जुड़े कार्यों का निस्तारण किया जाएगा।
‘वन डे गवर्नेंस’ की अवधारणा पर होगा केंद्र
ए.के. शर्मा ने कहा कि केंद्र को ‘वन डे गवर्नेंस’ की अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के साथ ही कम समय में अधिक से अधिक नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
लाइब्रेरी और योग की सुविधा भी
आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र को केवल सरकारी सेवाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। भवन के निचले तल पर जनसुविधा केंद्र, लाइब्रेरी, खान-पान और योग जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे नागरिकों को सरकारी कामकाज के साथ अध्ययन और अन्य उपयोगी गतिविधियों के लिए भी सुविधाएं मिल सकेंगी।
मंत्री ने कहा कि नागरिक-केंद्रित सेवा मॉडल की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और जनसेवा के प्रयासों से मिली है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरलता से पहुंचाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में नगरीय सेवाओं को इसी दिशा में आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। 
अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मंत्री ए.के. शर्मा ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और सुशासन में योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय राजभर, पूर्व विधायक उमेश पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष नूपुर अग्रवाल, नगर पालिका परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
