सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल , सागापाली में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


बाराचंवर। गाजीपुर जनपद के सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, सागापाली में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के मुख्य प्रबंध निदेशक प्रो. आनंद सिंह रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की ।

मुख्य अतिथि प्रो. आनंद सिंह ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हमारा देश स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण कर 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। अनेक वीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए और असहनीय यातनाएं सहीं। हमें उनके बलिदानों को सदैव स्मरण रखना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक पीढ़ी की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनने और देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबन्ध निदेशक प्रो सानंद सिंह भी उपस्थित रहे। अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे समारोह में थोड़ी देर से पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, सागापाली हमारे पूज्य पिताजी के उन सपनों का साकार रूप है, जिसमें गांव के सामान्य, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को उनके घर के निकट ही सीबीएसई बोर्ड के माध्यम से नर्सरी से कक्षा 10 तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प निहित है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण कई परिवारों के सामने अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर अनेक कठिनाइयां आती हैं। उनके पूज्य पिताजी इन समस्याओं को बहुत पहले ही समझ चुके थे। उनका सपना था कि गांव और आसपास के क्षेत्र के बच्चों को भी ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और देश एवं समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

सानंद सिंह ने कहा कि सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल इसी महान सोच, सपने और संकल्प का परिणाम है। विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर अवसर देकर उन्हें सक्षम, संस्कारित, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सुमन सिंह जी जो विशेष परिस्थितियों में स्कूल में उपस्थित नहीं हो पाई , उन्होंने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता के 79 वर्षों में भारत ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और आज विश्व में भारत ने एक सम्मानजनक स्थान बनाया है। हालांकि देश के सामने अभी भी अनेक चुनौतियां हैं और बहुत कुछ हासिल करना बाकी है। इसके लिए देश के नागरिकों को मजबूत, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ बनना होगा।

उन्होंने पिछले वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह को याद करते हुए कहा कि विद्यालय से जुड़ने के बाद यह संस्था उनके हृदय का हिस्सा बन गई है। विद्यालय को निरंतर प्रगति करते देखना उनके लिए उसी प्रकार सुखद है, जैसे किसी छोटे पौधे को एक मजबूत वृक्ष के रूप में विकसित होते देखना।

इस अवसर पर उन्होंने अपने ससुर स्वर्गीय कर्मवीर सत्यदेव सिंह जी को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उनके अथक प्रयास और शिक्षा के माध्यम से समाज के विकास की उनकी सोच आज भी प्रेरणादायी है। सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल उसी महान विचार एवं संकल्प की निरंतरता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ए. एन. उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।इसके साथ ही उन्होंने आने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सफल आयोजन के लिये आभार ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस अवसर पर आज के कार्यक्रम में मुख्य प्रबंध निदेशक प्रोफेसर आनंद सिंह , प्रबंध निदेशक डॉ. सानंद सिंह , प्रधानाचार्य ए एन. उपाध्याय जी, अभिभावक एवं मार्गदर्शक रविंद्र प्रताप सिंह पुजारी चाचा, नरेंद्र सिंह, राजेश सिंह , जगदीश सिंह मास्टर साहब, विवेक सौरभ सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित अभिभावक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सीसीए कमिटी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें