धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
दुबारी (मऊ)। मधुबन तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत गजियापुर में घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रांसफार्मर को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में फूलचंद प्रसाद के घर के सामने ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। आए दिन इसमें फाल्ट होने और जलने की घटनाओं से आसपास रहने वाले लोगों में हादसे का भय बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर घर के समीप होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर के बगल में ही ग्राम सभा की सरकारी जमीन उपलब्ध है। ऐसे में उसे वहां स्थानांतरित कर दिया जाए तो लोगों को संभावित खतरे से राहत मिल सकती है।
प्रदर्शन के दौरान चंद्रदीप कुमार, राहुल कुमार, धर्मेंद्र प्रसाद, राजेश प्रसाद, अमरजीत प्रसाद, धनंजय प्रसाद, सुशील प्रसाद, सुभाष प्रसाद समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई : जेई
बिजली विभाग के जेई सुधीर कुमार ने बताया कि मामला ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग से संबंधित है। इसके लिए संबंधित लोगों को खंड कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आवश्यक निर्देश के अनुसार ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा सकती है।
