धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत तिरंगा महोत्सव के अंतर्गत नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में भव्य तिरंगा म्यूजिकल कंसर्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और योग प्रदर्शन ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्राथमिक विद्यालय कोपागंज की छात्राओं ने स्वागत गीत के साथ आजादी के वीर सपूतों को समर्पित देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय दौलसेपुर की छात्राओं ने योग प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कोपागंज की छात्राओं की देशभक्ति गीत की प्रस्तुति ने भी दर्शकों में उत्साह भर दिया।
कंसर्ट के दौरान कलाकार सौरभ ने विभिन्न लोगों और प्रसिद्ध आवाजों की नकल प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आजादी के पर्व का उत्साह और उमंग साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और जवानों के त्याग एवं बलिदान की याद भी दिलाता है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। यही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने घरों पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
