कोपागंज में नहर से आरओ वाटर ठेला चालक का शव बरामद, मचा हड़कंप


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मंगलवार को बाजार में देखा गया था मृतक, नहर में पहुंचने की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

कोपागंज (मऊ)। कोपागंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह नहर से 40 वर्षीय आरओ वाटर ठेला चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बीएसएनएल एक्सचेंज के पास नहर में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

मृतक की पहचान कोपाकोहना निवासी टुनटुन बरनवाल (40) के रूप में हुई। पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई सामान बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंगलवार को बाजार में देखा गया था टुनटुन

स्थानीय लोगों के अनुसार टुनटुन ठेले से आरओ का पानी घरों और दुकानों तक पहुंचाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। मंगलवार को भी उसे बाजार में देखा गया था। इसके बाद वह नहर तक कैसे पहुंचा और पानी में कैसे गिरा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इसी बिंदु को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

बताया गया कि मृतक की पत्नी का काफी पहले निधन हो चुका था। उसका 13 वर्षीय बेटा है। घटना के समय बेटा घर पर मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों के मुताबिक टुनटुन शराब का सेवन करता था और कई बार नशे की हालत में भी देखा गया था। हालांकि, उसकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी राकेश रोहन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें