धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रशिक्षण सत्र 2026 के लिए प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक कर दी गई है। प्रधानाचार्य आईटीआई अरुण यादव ने बताया कि अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जनपद के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित दीर्घकालीन व्यवसायों, टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से संचालित व्यवसायों तथा पीपीपी मॉडल पर संचालित राजकीय संस्थानों के विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण के लिए विकल्प परिवर्तन की सुविधा 9 से 12 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी।
अभ्यर्थी 15 अगस्त की रात 12 बजे तक वेबसाइट www.scvtup.in पर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद आवेदन, पंजीकरण अथवा विकल्प परिवर्तन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में सहायता के लिए दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
प्रवेश पंजीकरण शुल्क सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये तथा सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
आईटीआई प्रधानाचार्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से ऑनलाइन आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें।
