धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता, स्व. सुधाकर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
घोसी (मऊ)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल सोमवार को घोसी पहुंचे। उनके आगमन पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह का इजहार किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान श्यामलाल पाल ने घोसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे स्व. सुधाकर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्व. सुधाकर सिंह के राजनीतिक योगदान और संघर्ष को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व को नमन किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। घोसी की धरती से समाजवादी विचारधारा को हमेशा मजबूती मिली है। पार्टी जनता के सवालों और उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का घोसी आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से संगठन की मजबूती का पता चलता है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश यादव, राजेन्द्रनाथ पाण्डेय, विधानसभा अध्यक्ष लालचंद यादव, प्रदेश सचिव मौलाना शम्स तबरेज, नगर अध्यक्ष खुर्शीद खान, अहमद खान, धीरज राजभर, मिट्ठू राजभर, यादवेंद्र यादव, रामभवन चौहान, सिज्जू खान समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
