रतनपुरा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने दिखाई हरी झंडी
रतनपुरा, मऊ। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को रतनपुरा में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्मारक पर संपन्न हुई।
यात्रा को भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ मंडल अध्यक्ष दयाशंकर श्रीवास्तव, मंडल महामंत्री संतोष कुमार सिंह, राकेश सिंह, भोला गुप्ता, अंगद गुप्ता इन्द्र देव भारती और धनंजय कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरे कस्बे को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड होते हुए शहीद स्मारक पहुंची जहां शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराकर हम देशभक्ति का संदेश दें। मंडल महामंत्री संतोष कुमार सिंह ने सभी से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। अंत में राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।
