देवली,सलामतपुर (गाजीपुर) भारत सरकार के “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान” के तहत रविवार को गोपीनाथ पीजी कॉलेज, देवली, सलामतपुर में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन के सामूहिक प्रसारण से हुई। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना, जिसमें युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुधा त्रिपाठी ने सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। प्राचार्या डॉ. सुधा त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाएं, तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. अंजना तिवारी, अनिल राव, डॉ. चन्द्रमणि पांडेय, विजय लक्ष्मी तिवारी, सईदुज़्ज़फर, मो. जाहिद, अंकित राय, नवनीत कुमार सिंह, गीतांजली यादव, सोनू कुशवाहा, अनिता पाल, कुलदीप जायसवाल, सृष्टि पांडेय सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।
