बंजारीपुर में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित, दर्जनों मरीज हुए लाभान्वित


गाज़ीपुर। राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग तथा सौहार्द बंधूता मंच, गाज़ीपुर के सौजन्य से ग्राम पंचायत भवन, बंजारीपुर में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई तथा चयनित मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी स्थित अस्पताल भेजा गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के बाद मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों का चयन कर उन्हें उसी दिन बस एवं कार के माध्यम से निःशुल्क आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, माधोपुर (वाराणसी) भेजा गया। अस्पताल में मरीजों के लिए उपचार, लेंस प्रत्यारोपण (ऑपरेशन) तथा भोजन की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के क्षेत्रीय समन्वयक चंदन कुमार ने कहा कि उनका संस्थान पूरे देश में अंधत्व उन्मूलन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।तारा देवी, अध्यक्ष, नारी संघ ने कहा कि गांव में इस प्रकार की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का पहुंचना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत और सौभाग्य की बात है।

स्वास्थ्य जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए गुलशन कुमार ने आंखों की नियमित जांच, स्वच्छता एवं देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं रामाशीष यादव ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सामाजिक कार्यकर्ता हैदर अली ने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के ऐसे प्रयास आगे भी लगातार जारी रहने चाहिए।

गाज़ीपुर एवं आज़मगढ़ के मेंटर डॉ. नज़मुस्साक़िब अब्बासी नदवी ने कहा कि स्वास्थ्य ईश्वर की सबसे बड़ी नेमतों में से एक है। स्वस्थ आंखें व्यक्ति को दुनिया की खूबसूरती देखने और जीवन को बेहतर ढंग से जीने का अवसर प्रदान करती हैं, इसलिए आंखों की देखभाल के प्रति सजग रहना आवश्यक है।

सौहार्द फेलो तारिक नसीम ने कहा कि आंखें मानव शरीर का सबसे अनमोल अंग हैं। समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने और किसी भी समस्या के प्रति लापरवाही न बरतने से अंधत्व जैसी गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। शिविर ने न केवल जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार का अवसर प्रदान किया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें