11 माह पुरानी चोरी का खुलासा, 15 लाख की नकदी-जेवरात बरामद


गहमर पुलिस ने चोरी की योजना बनाते दो आरोपित व तीन बाल अपचारियों को दबोचा, पांच लाख 95 हजार रुपये नकद और करीब 10 लाख के आभूषण बरामद

 

सेवराई। गहमर पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे दो आरोपितों और तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर करीब 11 माह पहले सेवराई कस्बे में हुई चर्चित चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पांच लाख 95 हजार रुपये नकद तथा करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी जमानियां के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी सेवराई उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पांडेय तथा स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के मुखबिर की सूचना पर फरीदपुर पुलिया के पास पांच लोगों को चोरी की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया।

 

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से हथौड़ी, लोहे की छेनी, आरी ब्लेड, दो लोहे की रॉड, प्लास तथा टॉर्च सहित चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने करीब 11 माह पूर्व सेवराई कस्बा निवासी गोविंद जायसवाल के घर हुई चोरी की घटना स्वीकार कर ली।

 

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर उनके कब्जे से 5.95 लाख रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, अंगूठियां, चेन, हार, कान के आभूषण, मांगटीका, नथ, चांदी की पायल, करधनी, सिक्के, थाली समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए। पीड़ित गोविंद जायसवाल ने बरामद नकदी और जेवरात की पहचान अपने चोरी गए सामान के रूप में की।

 

गिरफ्तार आरोपितों में विनोद कुमार कमकर (58) और पंकज कुमार गुप्ता (30) शामिल हैं, जबकि तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

 

पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को हाल के दिनों में गहमर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें