कुशीनगर। पिपरा बाजार में पिछले चार दिनों से लगातार बाधित विद्युत आपूर्ति से नाराज स्थानीय नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 250 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर पर क्षमता से कई गुना अधिक कनेक्शनों का भार होने के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने 250 केवीए ट्रांसफार्मर को 400 केवीए में अपग्रेड करने अथवा एक अतिरिक्त 250 केवीए ट्रांसफार्मर तत्काल स्थापित करने की मांग की। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
धरना-प्रदर्शन में शैलेष तिवारी, गब्बर अग्रहरि, राजू मद्धेशिया, हनुमान जायसवाल, शंभू मद्धेशिया, मुन्ना अग्रहरि, दीपक रौनियार , प्रिंस विश्वकर्मा, मन्नू जायसवाल , बिट्टू मद्धेशिया , पंकज मद्धेशिया, नवल अग्रहरि , सीटू रौनियार , रमेश जायसवाल , बालक पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की।


