कुशीनगर। थाना क्षेत्र के नेबुआ देसी शराब भट्ठी के सामने स्थित नहर में शनिवार दोपहर एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान श्रवण राजभर (35) पुत्र नागेश्वर राजभर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रवण दोपहर में देसी शराब भट्ठी से शराब पीने के बाद नहर में नहाने के लिए उतर गया था। इसी दौरान वह नहर में लगे पाइप में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसका शव पुल के पास फंसा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर मणिन्द्र कुमार अपने सहयोगियों के साथ राहत कार्य में जुट गए। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
श्रवण राजभर की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए हैं। सबसे बड़ा बेटा सन्नी है, जबकि दूसरे नंबर पर पुत्री रविना है। इसके अलावा अमित और सबसे छोटा पुत्र अमर है। पिता की असामयिक मौत के बाद चारों बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
