सादात (गाजीपुर)। सादात ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का मंगलवार को समापन हो गया। इस समापन समारोह में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रो. शोभनाथ यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) डॉ. सरजीत सिंह, सीडीपीओ सोनम सिंह, सुपरवाइजर मंजू सिंह, सीएम फेलो डॉ. बृजेश कुमार, भाजपा नेता रामराज बनवासी,शीव पूजन चौहान, प्रद्युम्न राय,अशोक कुमार पाण्डेय, बृजेन्द्र राय और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। मेले में मुख्य रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पंचायती राज, कृषि, एनआरएलएम, समाज कल्याण और पशुपालन विभाग के स्टॉल लगाए गए थे।
पोषण विभाग के स्टॉल पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को पोषण के महत्व की जानकारी दी। साथ ही उन्हें ‘प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना’ का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अतिथियों ने छह माताओं और उनके बच्चों को राशन सामग्री वितरित की। सादात उत्तरी के मण्डल अध्यक्ष दिनेश सिंह सिंटू ने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
बेसिक शिक्षा विभाग ने दिखाईं नवाचारी गतिविधियां
बेसिक शिक्षा विभाग के स्टॉल पर ‘निपुण भारत मिशन’ के तहत बच्चों को सिखाने के लिए अपनाई जा रही प्रभावी और आधुनिक शिक्षण विधियों का प्रदर्शन किया गया। मीना मंच की नोडल सुमन चौहान, सुगमकर्ता सावित्री यादव, नोडल संकुल शिक्षक अवनी कुमार, नोडल शिक्षक संजय बर्नवाल, एआरपी रविंद्र प्रताप और राजन गुप्ता की टीम ने बताया कि किस तरह खेल-खेल में बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल समापन पर खंड विकास अधिकारी डॉ. सरजीत सिंह ने मेले में आए सभी अतिथियों, अधिकारियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
