भांवरकोल/गाजीपुर। ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को भांवरकोल ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यशाला में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ब्लॉक परिसर पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना, ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद का स्वागत किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने ब्लॉक परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लिया। परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवा वितरण भी किया गया।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने कार्यों और समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। महिलाओं ने हैंडवॉश, फिनायल, हार्पिक निर्माण, कॉस्मेटिक सामग्री के व्यवसाय तथा कृषि आधारित गतिविधियों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने उत्पादों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की सलाह देते हुए बाजार की मांग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रशिक्षण एवं प्रमाणन की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के गठन की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। समूहों से संबंधित फाइलों को बैंक भेजते समय आवश्यक अभिलेख संलग्न न किए जाने पर नाराजगी जताई तथा कार्य में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को वेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे लाभान्वित होने की प्रक्रिया बताई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार राय, एलडीएम राजदेव कुमार, आपूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार गुप्ता, बीएमएम विनोद यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजकिशोर राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बैंक प्रतिनिधि एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
