सेवराई (गाजीपुर)। नेशनल हाईवे 124सी पर करहिया गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने एक टेंपो तथा मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर काफी तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रहे टेंपो व मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तथा उनमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर ट्रेलर चालकों द्वारा लगातार ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन चलाए जाने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
इस संबंध में गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है मौके पर पुलिस बल भेजा गया है आवश्यक उचित कार्रवाई की जा रही है। ट्रेलर घटना में ऑटो ड्राइवर बकैनिया गांव निवासी मनोज (45) पुत्र राजेंद्र, एवं नुआव बिहार के
खुशी (18), रितेश (16), बृजेश (17), अभिषेक (20), अलीशा (13), आशा (40) पत्नि झननन,
झननन (50) पुत्र राम सनेही राम सहित कुल 8 लोग घायल है। जिनमे
सात लोगो को स्थिति नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
