भांवरकोल। क्षेत्र के टोडरपुर गांव में राहगीरों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए लगाया गया वाटर कूलर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि वाटर कूलर में समय से पानी नहीं भरा जाता, जिससे लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर गांव में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शिकायतकर्ताओं में कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वाटर कूलर लगने के बाद से ही इसकी व्यवस्था ठीक नहीं रही। उनका कहना है कि सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च कर जनता की सुविधा के लिए लगाया गया यह उपकरण अधिकांश समय खाली रहता है, जिससे राहगीरों और गांववासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि लोगों को समय पर ठंडा पानी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता तो इस योजना का उद्देश्य ही अधूरा रह जाता है। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में ग्राम प्रधान विनय कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वाटर कूलर में नियमित रूप से पानी भरवाया जाता है, लेकिन कुछ लोग बड़ी मात्रा में पानी अपने घर ले जाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग ठंडे पानी का उपयोग नहाने के लिए करने लगते हैं, जिससे टंकी का पानी जल्दी समाप्त हो जाता है। ग्राम प्रधान ने कहा कि सार्वजनिक सुविधा का उपयोग सभी लोगों को जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
टोडरपुर में पेयजल सुविधा पर घमासान, वाटर कूलर बना चर्चा का विषय
