मुहम्मदाबाद। वाराणसी मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को गाजीपुर-बलिया रेलखंड स्थित यूसुफपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने ट्रेनों के ठहराव सहित विभिन्न सुविधाओं को बढ़ाने की मांग उठाई, जिस पर डीआरएम ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। विशेष ट्रेन से दोपहर करीब 2 बजे यूसुफपुर स्टेशन पहुंचे डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने नव निर्मित प्रतीक्षालय कक्ष का भी जायजा लिया और उसमें अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पैनल रूम, रिले रूम, बैटरी रूम और पीआरएस रूम की कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली। सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्टेशन का नाम हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू सहित तीन भाषाओं में अंकित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया की नियमित साफ-सफाई के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान एनाउंसमेंट सिस्टम को पैनल रूम से स्थानांतरित कर अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने को कहा। इस दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों तथा सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली बलिया-दिल्ली ट्रेन के यूसुफपुर स्टेशन पर ठहराव की मांग की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या-2 और 3 पर यात्री शेड निर्माण, कोच इंडिकेशन सिस्टम की स्थापना तथा पूछताछ केंद्र शुरू करने की मांग भी उठाई। डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने और स्थानीय मांगों के समाधान के लिए रेलवे हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल के परिचालन, सिग्नल, इंजीनियरिंग, वाणिज्य तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यूसुफपुर स्टेशन पहुंचे डीआरएम, व्यापारियों ने ट्रेनों के ठहराव समेत कई सुविधाओं की उठाई मांग
