पंचायत सहायकों ने शुरू किया कार्य बहिष्कार, भदौरा विकास खंड में लंबित मांगों पर जताया रोष, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन


सेवराई । भदौरा विकास खंड के पंचायत सहायकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आज से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी भदौरा को ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने मुख्य रूप से मानदेय वृद्धि, सेवा नियमावली का शीघ्र निर्माण, ओएसआर खाते का निस्तारण, सीएससी एवं वार्षिक रिपोर्ट का भुगतान, पंचायत भवनों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, इंटरनेट और स्टेशनरी व्यवस्था जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।

पंचायत सहायकों ने बताया कि वे ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं, प्रशासनिक कार्यों, योजना क्रियान्वयन और आम जनता की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन लंबे समय से सम्मानजनक मानदेय और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें आर्थिक संकट और व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन पर विकास खंड भदौरा के अनेक पंचायत सहायकों के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों को पिछले कई महीनों से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पंचायत सहायकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेश स्तरीय रूप दिया जाएगा। इसके तहत लखनऊ के इको गार्डन में धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।

शासन से पंचायत सहायकों ने अपील की है कि उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें