अज्ञात कारणों से लगी आग, गरीब परिवार की गृहस्थी जलकर राख


बहादुरगंज/गाज़ीपुर। बहादुरगंज क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 नदी उस पार स्थित रामजी साहनी की मड़ई में गुरुवार देर रात अचानक आग लग जाने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया तथा आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 7 नदी उस पार निवासी रामजी साहनी, पुत्र स्वर्गीय शिवनाथ साहनी, की मड़ई में गुरुवार रात लगभग 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मड़ई में रखा सारा घरेलू सामान उसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने तत्काल टुल्लू पंप, नल तथा हैंडपंप के माध्यम से पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक मड़ई में रखा लगभग 8 से 9 कुंतल गेहूं, भूसा, आटा, उपले, कपड़े तथा अन्य दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।

पीड़ित रामजी साहनी ने बताया कि परिवार की आजीविका का मुख्य आधार खेती और मजदूरी है। आग लगने से उनके परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि परिवार में पत्नी राधिका देवी, तीन पुत्र सूरज, नीरज और धीरज तथा दो पुत्रियां ज्योति और जूही हैं। ज्योति का विवाह हो चुका है, जबकि जूही की शादी अभी करनी है। आगजनी की घटना से परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ बेटी के विवाह की चिंता भी बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है, ऐसे में सरकारी मदद मिलना अत्यंत आवश्यक है।

घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। क्षेत्रीय लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें