नवागत अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी ने संभाला कार्यभार
कैम्प कार्यालय पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने नए अधिशाषी अधिकारी को ज्वाइनिंग लेटर दिया*
नगरविकास मंत्री का गृह जनपद होने के कारण गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की होगी चुनौती
लोक अधिकार/ प्रवीण राय
मऊ-नगर पालिका परिषद में नवागन्तुक अधिशासी अधिकारी डा. मणिभूषण तिवारी ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के अवसर पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने स्वागत करते हुये सफल कार्यकाल हेतु शुभकामना दिया। उन्होंने कहा कि नए अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी के प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता के द्वारा नगर के विकास, सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, सड़क निर्माण तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा जिससे नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी उन्होंने उम्मीद जताई कि नये अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में लम्बित विकास से सम्बन्धित योजनाओं को शीघ्र पूरा किया जायेगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराना है। इसके लिये जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अपना संकल्प जाहिर करते हुय कहा कि नगरहित को सर्वाेपरि रखते हुये पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जायेगा। उन्होंने नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया। चुंकि मऊ जनपद नगर विकास मंत्री एके शर्मा का गृह जनपद होने के कारण यहां गुणवत्तापूर्ण कार्य करना नए ईओ की सबसे बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि मंत्री का क्षेत्र होने के कारण विकास संबंधित बड़ा बजट मऊ नगरपालिका में आता है।
कार्यभार हस्तांतरण के दौरान पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नये अधिशासी अधिकारी को शुभकामनायें दीं और नगर के सर्वांगीण विकास के लिये मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर सभासदगण, पालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
