शादियाबाद (गाजीपुर)। भीषण गर्मी और उमस के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कस्बा स्थित थाना चौराहा पर दावते इस्लामी संस्था के गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन की ओर से बुधवार को निशुल्क प्याऊ स्टॉल लगाया गया। संस्था द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गर्मी के मौसम में लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की पहल की गई है। निशुल्क प्याऊ स्टॉल का शुभारंभ थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने संस्था के इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ लोगों को राहत पहुंचाने का काम करते हैं। संस्था के सदस्य अब्दुल वाजीद अत्तारी ने बताया कि गर्मी समाप्त होने तक यह निशुल्क प्याऊ स्टॉल लगातार संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन तीन बार स्टॉल पर ताजा एवं ठंडा पानी भरा जाएगा, ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए संस्था द्वारा जनपद के अन्य स्थानों पर भी जल्द ही निशुल्क प्याऊ स्टॉल लगाए जाएंगे। इस अवसर पर राशीद अत्तारी, रिजवान अत्तारी, शाहिद सिद्दीकी, बब्लू चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शादियाबाद में दावते इस्लामी का सराहनीय कदम, राहगीरों के लिए लगा निशुल्क प्याऊ स्टॉल
