सेवराई (गाजीपुर): बार एसोसिएशन तहसील सेवराई ने प्रदेशभर में अधिवक्ताओं के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न और लाठीचार्ज जैसी घटनाओं के विरोध में मंगलवार को पूर्ण न्यायिक कार्य बहिष्कार का सफलतापूर्वक आयोजन किया। अधिवक्ताओं ने एकमत से यह फैसला लिया और उपजिलाधिकारी सेवराई को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई।
बार एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार को तहसील परिसर में आयोजित विशेष बैठक में अधिवक्ता समाज ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि न्यायपालिका की गरिमा और अधिवक्ताओं के सम्मान से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया जाए। बैठक में कहा गया कि हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में वकीलों के साथ घटित घटनाएं पूरे अधिवक्ता वर्ग को आक्रोशित कर रही हैं।
ज्ञापन सौंपा
बैठक के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी सेवराई को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश स्तर पर हो रहे अधिवक्ता-विरोधी घटनाक्रम की निंदा की गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष पारस राम ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि महासचिव सुमन्त सिंह कुशवाहा ने संचालन किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि इस दिशा में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगे भी आंदोलन तेज किया जाएगा।
बार एसोसिएशन सेवराई के इस एकजुट प्रदर्शन को स्थानीय स्तर पर सराहा जा रहा है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे न्याय की लड़ाई में खुद को कमजोर नहीं पड़ने देंगे।
