सेवराई। तहसील क्षेत्र के बरेजी गांव में बीती रात श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ बरेजी माई के वार्षिक पूजा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जमानिया विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने फीता काटकर किया। आयोजन ग्राम प्रधान राम इकबाल सिंह यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूजा-अर्चना के बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि बरेजी माई के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। पौराणिक मान्यता के अनुसार माता के आशीर्वाद से गांव सदैव सुख-समृद्धि से परिपूर्ण रहा है तथा कर्मनाशा नदी में आज तक किसी भी ग्रामीण की डूबने से मौत नहीं हुई है। इसी विश्वास के चलते दूर-दूर से लोग मंदिर में माथा टेकने पहुंचते हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, इतिहास और गांव की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। इससे समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम में हरीश उपाध्याय, अशोक सिंह यादव, गुड्डू यादव, संजय पांडेय, रामचरन कुशवाहा, शक्ति यादव, गोपाल पांडेय, राम इकबाल सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
