भांवरकोल। ग्राम सभा बेलसड़ी में “फ्रीडम क्रिकेट क्लब” द्वारा आयोजित बेलसड़ी प्रीमियर लीग का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में खैराबारी और मच्छटी टीम के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। मैच के दौरान चौके-छक्कों की बरसात और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को देर तक रोमांचित किए रखा।
मैच शुरू होने से पहले टॉस कराया गया, जिसमें खैराबरी टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 8 ओवर में शानदार खेल दिखाते हुए 60 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मच्छटी टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक अंदाज में मुकाबले को अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान मैदान तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोना यादव उर्फ आशीष यादव ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में सोना यादव ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट उनके दिल के बेहद करीब है और राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद वह खिलाड़ियों के लिए समय निकालना अपना दायित्व समझते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें ग्राम प्रधान बनने का अवसर मिला तो बेलसड़ी गांव के खेल मैदान को आधुनिक सुविधाओं से विकसित कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही अवसर और प्रोत्साहन की है।
कार्यक्रम में पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना राम उर्फ अनिल राम, ग्राम पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दीपक पासवान, ई. पन्नालाल पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजन की जमकर सराहना की।
आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना और गांव में भाईचारे एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
