करंट की चपेट में आया मेहनतकश बेटा: देवकली के युवक चिन्टू विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत, मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया


नंदगंज (गाजीपुर)नंदगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नंदगंज बाजार स्थित सौरभ मोड़ पर एल्यूमीनियम खिड़की और जंगला बनाने का कार्य कर रहे 31 वर्षीय शिवप्रसाद विश्वकर्मा उर्फ “चिन्टू” की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक देवकली निवासी रामवचन विश्वकर्मा के मझले पुत्र थे। परिवार के अनुसार, चिन्टू अपने बड़े भाई कृष्ण मुरारी शर्मा की दुकान पर रोज़ की तरह काम कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे वह जंगला और दरवाजे को जोड़ने का काम कर रहे थे, तभी अचानक विद्युत तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें तार से अलग किया और तत्काल नंदगंज स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हालत नाजुक होने पर परिवार वाले उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही चिन्टू ने दम तोड़ दिया।

इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। करीब तीन-चार वर्ष पहले ही चिन्टू की शादी हुई थी। उनकी पत्नी प्रतिभा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। एक वर्ष की मासूम बेटी अब अपने पिता के स्नेह से हमेशा के लिए वंचित हो गई। घर पर ख़बर लगते ही हर तरफ चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना बड़े भाई कृष्ण मुरारी शर्मा ने नंदगंज पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गांव और बाजार के लोग चिन्टू के सरल स्वभाव और मेहनतकश जिंदगी को याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक पल में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया और मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें