मिर्ज़ापुर गांव में शनिवार सुबह एक किशोर का शव नीम के पेड़ से लटका मिला


सादात ब्लॉक स्थित मिर्जापुर (नवापुर) गांव में शनिवार सुबह एक किशोर का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। यूपी बड़ौदा बैंक के पास पोखरे के किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान मिर्जापुर (नवापुर) गांव निवासी 15 वर्षीय शिवम खरवार पुत्र रामकरन के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव को आत्महत्या दिखाने के लिए लटकाया गया है, जबकि मृतक के पैर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे।

परिजनों के अनुसार, शिवम शुक्रवार दोपहर घर से बाजार स्थित दुकान पर गया था और शाम छह बजे तक वहीं रहा। इसके बाद वह अपने एक दोस्त के साथ गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने चला गया। कार्यक्रम के बाद वह घर नहीं लौटा था।

शनिवार सुबह गांव की एक महिला पूजा के लिए फूल तोड़ने गई थी, तभी उसने नीम के पेड़ से बवर (लता) के सहारे लटके किशोर के शव को देखा और शोर मचाया। ग्रामीणों के एकत्र होने पर परिवार के लोग शव को घर ले आए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शिवम मिर्जापुर के इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। उसकी मां उमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि पिता रामकरन सदमे में विक्षिप्त जैसी स्थिति में थे। शिवम छह भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार स्टेज सजाकर और अंडे की दुकान लगाकर आजीविका चलाता है। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई हरिओम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें